नंदिनी अहिवारा। स्वर्गीय लाला कमलापत सिंघानिया जी की जयंती के अवसर पर जेके लक्ष्मी सीमेंट प्लांट में उनके चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस मौके पर प्लांट के कर्मचारी और हजारों की संख्या में श्रमिक एकत्रित हुए तथा मिठाई वितरित की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत ने कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने में जेके ऑर्गनाइजेशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संगठन ने वर्षों से लाखों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराकर राष्ट्र निर्माण में बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कमलापत सिंघानिया जी ने पराधीन भारत में औद्योगिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकुल श्रीवास्तव ने कहा कि सिंघानिया जी के अथक प्रयासों से देश में औद्योगिक क्रांति की शुरुआत हुई। उनके द्वारा स्थापित पहला प्रमुख उद्योग जुग्गीलाल कमलापत कॉटन स्पिनिंग एवं वीविंग मिल (1921) था, जिसने जेके संगठन की आधारशिला रखी। उन दिनों देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में जेके ऑर्गनाइजेशन ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर जेके लक्ष्मी सीमेंट प्लांट, दुर्ग के मानव संसाधन विभाग के प्रमुख कैप्टन शिरीष शुक्ला ने कहा कि इस विशेष दिन पर कारखाने में कार्यरत स्वच्छता वीरों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाता है। राष्ट्रीय पर्व हों या विशेष अवसर—हर बार उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की परंपरा रही है। आज भी स्वर्गीय लाला कमलापत सिंघानिया जी की जयंती पर स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया, जिससे यह दिन और भी स्मरणीय बन गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकुल श्रीवास्तव, मानव संसाधन विभाग प्रमुख कैप्टन शिरीष शुक्ला, मनीष तिवारी, तथा विभिन्न विभागों के सभी प्रमुख, कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे।