अहिवारा नगर पालिका की बड़ी उपलब्धि — जेके लक्ष्मी सीमेंट संयंत्र से 2 करोड़ 70 लाख की वसूली

       अहिवारा। नगर पालिका परिषद अहिवारा ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए जेके लक्ष्मी सीमेंट संयंत्र द्वारा गलत विवरणी भरने एवं वास्तविक माप में भारी अंतर पाए जाने पर लगभग तीन लाख स्क्वायर फीट का टैक्स निर्धारित किया। मामला उच्च न्यायालय बिलासपुर तक पहुंचा, जहां से संयंत्र को निर्धारित राशि का 30% नगर पालिका परिषद अहिवारा में जमा करने का आदेश दिया गया।

       इस न्यायालय आदेश के अनुपालन में जेके लक्ष्मी सीमेंट संयंत्र द्वारा लगभग 2 करोड़ 70 लाख रुपए नगर पालिका परिषद अहिवारा में जमा किए गए। यह राशि नगर के विकास कार्यों के लिए एक बड़ा वित्तीय स्रोत और मील का पत्थर मानी जा रही है।

       नगर पालिका की इस सफलता में मुख्य नगर पालिका अधिकारी अंकुर पांडे, सब-इंजीनियर खिलानंद कुल्हारे तथा राजस्व विभाग के सभी कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने मामले की जांच, माप-जाँच और कार्रवाई को प्रभावी ढंग से पूरा किया।

       राशि वसूली के बाद मंगलवार को अहिवारा मंडल भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष रामजी निर्मलकर के नेतृत्व में पार्षद अनुज साहू, ईश्वर शर्मा, शिबू अग्रवाल, महामंत्री निरमेश मिश्रा, उपाध्यक्ष लोकेश्वरी साहू सहित कार्यकर्ताओं ने मुख्य नगर पालिका कार्यालय पहुँचकर अधिकारी-कर्मचारियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

       मुख्य नगर पालिका अधिकारी अंकुर पांडे को इस बड़ी वसूली के लिए नगर के विभिन्न वार्डों के नागरिकों से लेकर कई राजनीतिक दलों की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएँ मिल रही हैं।

       नगर पालिका का मानना है कि यह राशि प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप नगर विकास में महत्वपूर्ण बदलाव और नए कार्यों को बढ़ावा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *