अहिवारा। नगर पालिका वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद मीणा जोशी ने अपने वार्ड में लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्षद अपने समर्थकों के साथ नगर पालिका दफ्तर पहुंचीं और अध्यक्ष पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए जमकर नाराज़गी जाहिर की।
पार्षद मीणा जोशी ने बताया कि उन्होंने कई बार अध्यक्ष से अनुरोध किया कि दीपावली जैसे त्यौहार में वार्ड में लाइट का जलना अत्यंत आवश्यक है, लेकिन बार-बार निवेदन करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि,
“पालिका अध्यक्ष हमारे वार्ड के साथ राजनीतिक भेदभाव कर रहे हैं। बार-बार कहने के बावजूद मेरे वार्ड में एक भी स्ट्रीट लाइट ठीक नहीं की गई। दीपावली का त्यौहार अंधेरे में कैसे मनाया जाएगा?”
मीणा जोशी ने आगे कहा कि जब वे अध्यक्ष से मिलने जाती हैं तो वे घर पर नहीं मिलने का बहाना करते हैं, और कह देते हैं कि –
“आप बीजेपी की पार्षद हैं, अपने विधायक या मुख्यमंत्री से जाकर काम करवा लीजिए, मैं आपका काम नहीं करूंगा।”
इस बयान को लेकर मौके पर काफी हंगामा हुआ, और वार्डवासियों में भारी नाराज़गी देखी गई।
प्रदर्शन में संजू पटेल, चेतराम पटेल, मुकेश पटेल, महेंद्र साहू, सेवा यादव, धनंजय जोशी, ऋतु जोशी, पंकज जोशी, आकाश जोशी, राहुल जोशी, तेज प्रकाश जोशी, उत्तम निषाद समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
पार्षद मीणा जोशी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत नहीं की गई, तो वे नगर पालिका में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगी।