खारुन से शिवधाम तक आस्था की धारा, कांवड़ियों ने किया भोलेनाथ का जलाभिषेक

       कुम्हारी, दुर्ग। सावन मास की धार्मिक आस्था और भक्ति के रंग में कुम्हारी नगर भी सराबोर नजर आया। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, कुम्हारी नगर जिला दुर्ग के तत्वावधान में हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भगवान भोलेनाथ की भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति और विभिन्न समाजों के प्रमुख लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

      कांवड़ यात्रा का शुभारंभ वार्ड क्रमांक 18 स्थित श्री राम लिंगेश्वर मंदिर से हुआ। श्रद्धालु कांवड़ लेकर कुम्हारी चौक, कपड़ा मार्केट, कांजी हाउस हनुमान मंदिर और टोलगेट होते हुए खारुन नदी के तट पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने नदी से निर्मल जल अपने-अपने कलश में भरा और धार्मिक जयघोष के साथ वापस श्री राम लिंगेश्वर मंदिर पहुंचे।

       मंदिर पहुंचने के बाद भक्तों ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव के शिवलिंग पर जल अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। जलाभिषेक के पश्चात मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

       यात्रा के दौरान कुम्हारी नगर के व्यापारियों की ओर से भी श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर लगाए गए और प्रसाद का वितरण किया गया। इससे पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह और सेवा भावना का वातावरण बना रहा।

       कांवड़ यात्रा का नेतृत्व विश्व हिंदू परिषद कुम्हारी नगर अध्यक्ष अनुज शुक्ला, संयोजक कुणाल शर्मा, नगर मंत्री भूपेंद्र मानिकपुरी, मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी अध्यक्ष रतना दास एवं भाजपा पार्षद प्रवीण राव ने किया।

       कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अनिल निखड़े, गौरक्षा प्रमुख मोनू साहू, हरीश सोनी, गणेश यादव, भावेश चौहान, मनोज यादव, सुनील, प्रमोद, राजकुमार, रवि साहू, शुभम चिंचूलकर, बादल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। मातृशक्ति की ओर से दुर्गा देवी, नेहा सोनी, देविका, माया ज्ञान और मंजरी सहित अनेक महिलाओं ने सहभागिता की।

       कुम्हारी नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा, मिथिलेश यादव, पार्षद उमाकांत साहू, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी कांवड़ यात्रा में सहभागिता की।

       यात्रा के दौरान कुम्हारी थाना पुलिस और यातायात पुलिस ने मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रही और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *