शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गया युवक लापता, तीसरे दिन SDRF ने बरामद किया शव

       दुर्ग। जेवरा सिरसा-भटगांव क्षेत्र में शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने के दौरान गहरे पानी में डूबे 25 वर्षीय युवक का शव तीन दिन चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने बरामद कर लिया। मंगलवार 22 सितंबर को ग्राम डांडेसरा के पास शिवनाथ नदी से प्रशिक्षित गोताखोरों ने युवक के पार्थिव शरीर को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला।

       जानकारी के अनुसार 20 सितंबर 2026 को जेवरा सिरसा, भटगांव क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी में एक युवक मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान वह अचानक नदी के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन के समन्वय से जिला सेनानी, दुर्ग के निर्देशन में एसडीआरएफ दुर्ग संभाग की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना किया गया।

       घटनास्थल पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने नदी के गहरे जलक्षेत्र और तेज बहाव के बीच सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी अभियान में मोटर बोट, डीप डाइविंग किट, लाइफ बॉय, लाइफ जैकेट और सर्च हुक जैसे रेस्क्यू उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। नदी में तेज बहाव और जलस्तर की चुनौती के बावजूद टीम ने लगातार तीन दिनों तक तलाशी अभियान जारी रखा।

       लगातार प्रयासों के बाद मंगलवार को अभियान के तीसरे दिन एसडीआरएफ के कुशल गोताखोरों को सफलता मिली। टीम ने ग्राम डांडेसरा के पास शिवनाथ नदी से युवक का शव बरामद कर लिया। इसके बाद शव को आवश्यक वैधानिक और पंचनामा कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस तथा परिजनों को सौंप दिया गया।

       मृतक की पहचान पवन कुमार ठाकुर (25 वर्ष), पिता अनिल कुमार ठाकुर, निवासी घासीदास नगर, वार्ड नंबर 23, जामुल के रूप में हुई है।

       एसडीआरएफ टीम द्वारा लगातार तीन दिनों तक चलाए गए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के बाद शव बरामद होने से तलाशी अभियान समाप्त किया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *