असम बाढ़ पीड़ितों के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की बड़ी पहल, 5 करोड़ रुपये की सहायता का निर्णय : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

       रायपुर। असम में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर स्थिति के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रभावित लोगों की सहायता के लिए 5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा से फोन पर चर्चा कर बाढ़ की स्थिति और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली।

       मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि असम में आई भीषण बाढ़ से उत्पन्न संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता असम के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदना, सहानुभूति और एकजुटता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय एक-दूसरे की मदद करना देश की सामाजिक एकता और मानवीय संवेदनाओं का परिचायक है।

       मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने असम में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के उद्देश्य से 5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। यह सहायता संकट की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत पहुंचाने और पुनर्वास संबंधी कार्यों में सहयोग प्रदान करने में उपयोगी होगी।

       उन्होंने असम में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे प्रशासन, सुरक्षा बलों, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय लोगों के प्रयासों की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय प्रभावित लोगों तक भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

       मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मां कामाख्या से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे बाढ़ से प्रभावित सभी परिवारों की रक्षा करें और असम को इस कठिन परिस्थिति से शीघ्र बाहर निकलने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने असम में जल्द से जल्द शांति, सद्भाव और सामान्य स्थिति बहाल होने की कामना की।

       छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से दी गई यह आर्थिक सहायता दोनों राज्यों के बीच सहयोग, मानवीय संवेदना और राष्ट्रीय एकजुटता की भावना को भी मजबूत करती है। संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ द्वारा असम के साथ खड़े होने के निर्णय को मानवीय सहायता और संघीय सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *