सुशासन तिहार में विधायक राज महंत ने हितग्राहियों को बांटे योजनाओं के लाभ

       अहिवारा। धमधा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मेंडेसरा के शासकीय विद्यालय परिसर में सुशासन तिहार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक राज महंत डोमन लाल कोसेवाड़ा शामिल हुए। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कौशिक द्वारा विधायक का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया।

       कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वितरित किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित गोद भराई रस्म के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को सुपोषण टोकरी प्रदान की गई। वहीं छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी विधिवत संपन्न कराया गया। विधायक ने स्वयं माताओं को सुपोषण टोकरी भेंट कर उनके स्वस्थ मातृत्व की कामना की तथा बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन की रस्म पूरी कराई।

       इस अवसर पर विधायक डोमन लाल कोसेवाड़ा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन की योजनाओं को सीधे आम जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप चुनाव पूर्व किए गए वादों को धरातल पर उतारा जा रहा है और जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।

       उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर में नेत्र परीक्षण के बाद जरूरतमंदों को नि:शुल्क चश्मों का वितरण भी किया गया। वहीं बिजली संबंधी शिकायतों के निराकरण और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए।

       कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष लेमन साहू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नटवरलाल ताम्रकार, जनपद सदस्य, पद्मश्री पंडवानी गायिका उषा बारले, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम सागर चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं आसपास के ग्राम पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *