रायपुर। राजधानी रायपुर में लागू की गई पुलिस कमिश्नरी प्रणाली से शहर की कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार 23 जनवरी से रायपुर में कमिश्नरी सिस्टम लागू किया गया है, जिससे पुलिस प्रशासन को अधिक अधिकार और संसाधन मिले हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद पुलिस अधिकारियों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहले जहां शहर में केवल एक आईपीएस अधिकारी तैनात रहता था, वहीं अब 6 से अधिक आईपीएस अधिकारियों के साथ एडीसीपी और एसीपी स्तर के कई अधिकारी तैनात किए गए हैं। इससे मॉनिटरिंग सिस्टम मजबूत होगा और कानून व्यवस्था को लागू करना अधिक प्रभावी हो सकेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला और बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। स्कूल और कॉलेज के समय, खासकर छुट्टी के दौरान चिन्हित स्थानों पर ‘पिंक पेट्रोलिंग’ बढ़ाई गई है। इससे असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के साथ छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने में मदद मिलेगी।
कमिश्नरी प्रणाली के तहत अब पुलिस को कई महत्वपूर्ण अधिकार भी प्राप्त हो गए हैं। पहले जिन मामलों की सुनवाई एसडीएम स्तर पर होती थी, अब वे मामले एसीपी, डीसीपी और पुलिस कमिश्नर स्तर पर सुने जाएंगे। इसके अलावा पुलिस को जिला बदर और बाउंड ओवर जैसी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने का अधिकार भी मिल गया है। यदि कोई अपराधी बाउंड ओवर का उल्लंघन करता है, तो उसकी जमानत राशि जब्त कर उसे जेल भेजा जा सकता है।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक विभाग में भी अधिकारियों और जवानों की संख्या बढ़ाई गई है। इससे शहर में ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार होने के साथ वीआईपी ड्यूटी और धरना-प्रदर्शनों के दौरान भी पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों का कहना है कि राजधानी होने के कारण रायपुर में पुलिस के सामने कई तरह की चुनौतियां रहती हैं। ऐसे में अपराध नियंत्रण, वीआईपी सुरक्षा और कानून व्यवस्था जैसे कई मोर्चों पर एक साथ काम करना पड़ता है।
पुलिस अधिकारियों ने विश्वास जताया कि कमिश्नरी प्रणाली लागू होने से रायपुर में पुलिसिंग में 360 डिग्री सुधार देखने को मिलेगा, जिसका सकारात्मक असर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर दिखाई देगा। हाल ही में होली पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को भी इसी बेहतर पुलिसिंग का उदाहरण बताया गया है।