तालाबों को पानी दिलाने की मांग तेज, ब्लॉक कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

       नंदिनी, अहिवारा (दुर्ग)। क्षेत्र में पानी की कमी और सूखते तालाबों की समस्या को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष संतोष बाफना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों में नहर से पानी छोड़ने की मांग की।

       ज्ञापन में बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश तालाबों का पानी लगभग सूख चुका है और जहां थोड़ा पानी बचा है, वह भी गंदा हो गया है। इससे क्षेत्र में महामारी जैसी गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। तालाबों में गाद जमा होने के कारण उनकी गहराई भी कम हो गई है, जिससे जल संग्रहण क्षमता लगातार घटती जा रही है।

       कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि भूजल का अत्यधिक दोहन और जल निकासी के प्राकृतिक रास्तों के बंद होने के कारण क्षेत्र के पारंपरिक जल स्रोत भी धीरे-धीरे समाप्त हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ मवेशियों के सामने भी पानी का संकट गहराता जा रहा है।

       ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नंदिनी अहिवारा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों में जल्द से जल्द नहर का पानी छोड़ा जाए, ताकि जल संकट से राहत मिल सके और संभावित बीमारियों के खतरे को टाला जा सके।

       ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से संतोष बाफना, हीरा वर्मा, भोजेंद्र वर्मा, दुर्गा गजबे, नागमणि साहू, मंजुषा यादव, महेंद्र सेन, भारती साहू और लक्ष्मणा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *