सम्मान समारोह का दिया आमंत्रण
बेमेतरा — पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने आज दिनांक 8 1 2026 को बेमेतरा कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई एवं पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने उन्हें 18 जनवरी को दुर्ग में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह में बतौर अतिथि सम्मिलित होने हेतु औपचारिक आमंत्रण पत्र भी प्रदान किया।
मुलाकात के दौरान समिति के प्रदेश अध्यक्ष नवीन राजपूत ने समिति की गतिविधियों एवं पत्रकार हितों से जुड़े कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति प्रदेशभर में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान एवं उनके अधिकारों के संरक्षण हेतु लगातार सक्रिय है। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह का उद्देश्य उत्कृष्ट पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को सम्मानित करना एवं समाज में पत्रकारिता की सकारात्मक भूमिका को प्रोत्साहित करना है।
इस दौरान प्रदेश महासचिव नारायण घृतलहरे, प्रदेश संगठन महामंत्री योगेश तिवारी एवं कुंवर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष बेमेतरा अमर तिवारी तथा जिला महासचिव दुर्ग प्रदीप गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई एवं पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा एवं सम्मान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन एवं पुलिस विभाग सदैव पत्रकारों के साथ सहयोग हेतु तत्पर रहेगा।
समिति के पदाधिकारियों ने अंत में जिले में पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी पत्रकारों से सहभागिता की अपील की।