September 29, 2026

Samacharlok

News That Matters, Delivered Fast

अछोटी में खुशियों का संगम: चावल उत्सव, रोजगार और आवास दिवस एक साथ

       अछोटी, दुर्ग। ग्राम पंचायत अछोटी में 7 जनवरी 2026 को जनपद पंचायत धमधा एवं जिला पंचायत दुर्ग के मार्गदर्शन तथा केंद्र सरकार के निर्देशानुसार चावल उत्सव, मनरेगा अंतर्गत रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का संयुक्त आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के 80 से 100 मनरेगा मजदूरों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

       कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को चावल उत्सव के माध्यम से खाद्य सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को चावल वितरण की प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया गया। वहीं रोजगार दिवस के अवसर पर मनरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों की जानकारी साझा की गई और मजदूरों को उनके अधिकारों एवं मजदूरी भुगतान से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।

       इस अवसर पर बताया गया कि मनरेगा योजना के नाम में परिवर्तन कर ‘जी राम जी’ किया गया है, जिसके अंतर्गत अब मजदूरों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इस निर्णय से ग्रामीण मजदूरों को अतिरिक्त रोजगार मिलने के साथ-साथ उनकी आय में भी वृद्धि होगी।

       आवास दिवस के तहत ग्राम पंचायत अछोटी में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 51 हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी गई। संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों से समय पर निर्माण पूर्ण कराने एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

       कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत अछोटी द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार को इन जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि इन योजनाओं से उन्हें रोजगार, आवास और खाद्य सुरक्षा—तीनों का लाभ मिल रहा है, जिससे गांव के विकास को नई गति मिली है।