September 29, 2026

Samacharlok

News That Matters, Delivered Fast

डूमर गांव में तलवारनुमा हथियार लहराने वाला युवक गिरफ्तार, नंदिनी नगर पुलिस की कार्रवाई

       दुर्ग। थाना नंदिनी नगर पुलिस ने सोमवार दोपहर डूमर गांव में एक युवक को तलवारनुमा हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से हथियार जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है।

       मिली जानकारी के अनुसार, घटना 28 अक्टूबर 2025 दोपहर करीब 2:20 बजे की है। आरोपी रोमलाल उर्फ लल्लू यादव (पिता बारातू यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम डूमर, थाना नंदिनी नगर) अपने गांव में धारदार तलवारनुमा हथियार लेकर घूम रहा था और लोगों को धमका रहा था। गांव में भय का माहौल बन गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना नंदिनी नगर पुलिस को दी।

       सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक धारदार तलवारनुमा हथियार बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी हथियार रखने का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

       पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 275/2025 दर्ज करते हुए विधिवत कार्रवाई की और न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

       थाना नंदिनी नगर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और भय फैलाने जैसी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।

       स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और कहा कि ऐसी कार्रवाई से गांव में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहेगी।