September 28, 2026

Samacharlok

News That Matters, Delivered Fast

गोढी गांव में पारिवारिक विवाद के बीच दादी-सास की हत्या, बहू गिरफ्तार

       दुर्ग। दुर्ग जिले के थाना नंदिनी नगर अंतर्गत ग्राम गोढी में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुरेन्द्र वर्मा (45 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को उसके घर में उसकी मां उर्मिला वर्मा और उसकी बहू रोशनी वर्मा मौजूद थीं। परिवार के अन्य सदस्य काम पर बाहर गए हुए थे।

       दोपहर करीब 11:30 बजे खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि मृतका ने आरोपिया को खाना बनाने के विषय में ताना मारा और उसके हाथ का बना खाना खाने से इनकार किया। इसी बात पर नाराज होकर बहू रोशनी वर्मा ने गुस्से में आकर घर में रखे लोहे के हथौड़े से दादी-सास उर्मिला वर्मा के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

       सूचना मिलने पर प्रार्थी घर पहुँचा तो उसने मां को बेडरूम में लहूलुहान हालत में मृत पाया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

       थाना नंदिनी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध दर्ज किया और जांच प्रारंभ की। पूछताछ में आरोपिया ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथौड़ा जब्त कर लिया है और आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

       इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।