अहिवारा में चाकूबाजी: एक युवक की मौत, दूसरा घायल

       अहिवारा/दुर्ग। दुर्ग जिले के नंदनी थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिवारा रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार रात करीब 8:30 बजे ढाबे पर हुए विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, पैसों के लेन-देन को लेकर हुई कहासुनी के दौरान ढाबा संचालक आशुतोष कुमार उपाध्याय ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में मोहम्मद जसीम उर्फ़ जस्मीन खान की मौत हो गई, जबकि संदेश गुप्ता गंभीर रूप से घायल है।

       प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बिल भुगतान को लेकर शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए मारपीट तक जा पहुँचा। इसी दौरान संचालक ने अचानक चाकू निकालकर दोनों युवकों पर वार कर दिया। घायल जसीम को पहले स्पर्श अस्पताल सुपेला लाया गया, जहाँ से उसे बेहतर इलाज के लिए रामकृष्ण केयर अस्पताल रेफ़र किया गया। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। वहीं, संदेश गुप्ता का उपचार जारी है।

       सूचना मिलते ही नंदनी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशुतोष उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू को भी जब्त कर लिया है। आरोपी को सोमवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

       घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

       पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे घटनाक्रम का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *