सितंबर में 6,517 बिना हेलमेट वाहन चालक पकड़े गए, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 142 और तेज रफ्तार के 178 मामले सामने आए
दुर्ग। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने सितंबर माह में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 7,610 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने विशेष रूप से उन नियमों के उल्लंघन पर ध्यान केंद्रित किया, जो सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोट और मौत का कारण बनते हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार, सितंबर माह में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 6,517 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले 178 और शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 142 चालकों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा नो-एंट्री में भारी वाहन प्रवेश कराने के 29 मामले सामने आए, जिनमें संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी
यातायात पुलिस द्वारा जिले के ब्लैक स्पॉट, ग्रे स्पॉट और अन्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और नो-एंट्री में भारी वाहनों के प्रवेश पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
चालानी कार्रवाई के साथ जागरूकता पर जोर
यातायात पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और अनुशासन विकसित करना भी है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम किया जा सके।
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने और नो-एंट्री सहित सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है।

More Stories
गांव-गांव तक सुरक्षित सफर की तैयारी, मुख्यमंत्री साय ने परिवहन सुविधा को बताया प्राथमिकता
मानव श्रृंखला और नुक्कड़ नाटक से सारंगढ़ में गूंजा नशामुक्ति का संदेश
विकास कार्यों की धीमी गति पर वित्त मंत्री नाराज, मंथली टारगेट से तेज होगा काम