अहिवारा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद अहिवारा द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘संकल्प सेवा अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत नगर हित से जुड़े विभिन्न कार्यों के साथ बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, स्वच्छता और नगर सौंदर्यीकरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम से होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा ने बताया कि अभियान के तहत रेलवे क्रॉसिंग से अटल परिसर तक मुख्य मार्ग के किनारे करीब 15-15 फीट की दूरी पर 77 पाम के वृक्ष लगाए जाएंगे। इसके साथ ही नगर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर वृक्षारोपण किया जाएगा। अभियान में नगर के विकास और पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
नगर पालिका द्वारा अहिवारा के मुख्य मार्गों को आकर्षक बनाने के लिए विद्युत पोलों को रोप लाइट से सजाने की तैयारी भी की जा रही है। वहीं अटल परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर हजारों दीप जलाकर नगर को रोशन करने की योजना है। इन तैयारियों को लेकर पालिका स्तर पर काम शुरू कर दिया गया है।
पालिका अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के लिए पेड़-पौधों का संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और हरियाली से मिलने वाली शुद्ध हवा मानव जीवन के लिए अनिवार्य है। वर्तमान समय में पर्यावरण प्रदूषण एक गंभीर चुनौती है, ऐसे में आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और स्वच्छ वातावरण तैयार करना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर पालिका के समस्त पार्षदों से भी चर्चा की गई है और अधिक से अधिक पौधे लगाने का निर्णय लिया गया है। अभियान के दौरान नगरहित से जुड़े अन्य विषयों पर भी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। ‘संकल्प सेवा अभियान’ को केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि स्वच्छता सहित जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों को इसमें शामिल किया जाएगा।
नगर पालिका के अनुसार अभियान के समापन अवसर पर 17 अक्टूबर को बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना है। इस दौरान अभियान के तहत किए गए कार्यों और नगर विकास से जुड़ी गतिविधियों को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा। इस पहल के माध्यम से नगर पालिका का लक्ष्य अहिवारा को स्वच्छ, हरा-भरा और आकर्षक बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।