October 28, 2026

Samacharlok

News That Matters, Delivered Fast

बीएसपी में कॉपर केबल चोरी का प्रयास नाकाम, सीआईएसएफ ने आरोपी को पकड़ा

       भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) परिसर में प्रवेश कर स्क्रैब कॉपर केबल चोरी करने का प्रयास कर रहे एक आरोपी को सीआईएसएफ ने पकड़ लिया। सूचना मिलने के बाद भिलाई भट्ठी पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

       पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को आरोपी ने भिलाई इस्पात संयंत्र के अंदर प्रवेश कर करीब 20 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर केबल मोटरसाइकिल में छिपाकर बाहर ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान सीआईएसएफ की टीम ने उसे पकड़ लिया। मामले की सूचना 11 सितंबर को थाना भिलाई भट्ठी पुलिस को दी गई।

       रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कॉपर केबल के अलावा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

       पुलिस ने बताया कि जब्त सामग्री में 20 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर केबल की कीमत करीब 12 हजार रुपये, एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 AW 2616 की कीमत करीब 10 हजार रुपये और मोबाइल फोन की कीमत करीब 5 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 27 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है।

       पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान निर्मल कुमार (44 वर्ष), निवासी स्कूल पारा सकरौद, थाना रनचिराई, जिला बालोद के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे 11 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

       इस कार्रवाई में इंचार्ज थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी सउनि भारत सिंह चौधरी और प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

       दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि औद्योगिक एवं सार्वजनिक परिसरों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अनधिकृत प्रवेश या चोरी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराध की रोकथाम की जा सके।