मेडेसरा पीएचसी में नेत्रदान पखवाड़े की पहल, 10 मरीजों को मिला निःशुल्क चश्मे का सहारा

       मेडेसरा, अहिवारा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेडेसरा में नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उषा सोनवानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस दौरान नेत्रदान के महत्व के साथ-साथ आंखों की बीमारियों और उनकी देखभाल को लेकर लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

       कार्यक्रम में वीएस राव ने नेत्रदान से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है, ताकि जरूरतमंद लोगों को दृष्टि का लाभ मिल सके। वहीं डॉ. विभोर लाल, प्रभारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेडेसरा, ने भी नेत्र स्वास्थ्य और आंखों से संबंधित बीमारियों के बारे में जानकारी देते हुए लोगों को समय-समय पर आंखों की जांच कराने के लिए जागरूक किया।

       मुख्य अतिथि श्रीमती उषा सोनवानी ने नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेत्रदान एक ऐसा सामाजिक कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से नेत्र स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नेत्रदान को लेकर समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।

       कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद 10 नेत्र मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। चश्मा मिलने के बाद मरीजों के चेहरे पर खुशी नजर आई। आयोजन का उद्देश्य लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आंखों की बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।

       कार्यक्रम में श्रीमती उषा सोनवानी, डॉ. विभोर लाल और वीएस राव की उपस्थिति में चश्मा वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *