दिल्ली के स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर में आग! दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

       नई दिल्ली। नई दिल्ली के आईटीओ स्थित School of Planning and Architecture (SPA) परिसर में सोमवार सुबह आग लगने की घटना सामने आई। आग इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी थी, जिसकी सूचना सुबह करीब 9:37 बजे Delhi Fire Service को मिली। सूचना मिलते ही आठ दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया।

       शुरुआत में कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि आग शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में लगी है, लेकिन बाद में मंत्रालय ने इस संबंध में स्पष्टीकरण जारी किया। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि उसका कार्यालय कर्तव्य भवन-2, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड पर स्थित है, जबकि आग की घटना स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के इंद्रप्रस्थ एस्टेट, विकास मार्ग स्थित परिसर में हुई थी।

       अधिकारियों के अनुसार आग मामूली थी और समय रहते उस पर नियंत्रण पा लिया गया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।

       गौरतलब है कि दिल्ली में बढ़ती गर्मी के बीच हाल के दिनों में आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। हालांकि इस घटना में त्वरित कार्रवाई के चलते किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *