नंदिनी/अहिवारा। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना 23 अप्रैल 2026 की है, जब ग्राम अछोटी बिछिया खार, सोनारचक्र स्थित सुध्दु साहू के खेत में करीब 65 से 70 वर्ष उम्र के एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, मृतक का रंग सांवला, कद लगभग 5 फीट 5 इंच है और शरीर पर कोई कपड़े नहीं थे, केवल गेहुआ रंग की चड्डी पहनी हुई थी। हाथ-पैर सामान्य स्थिति में पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामले की जांच की जा रही है और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने आसपास के थाना और चौकी क्षेत्रों में सूचना प्रसारित कर दी है और आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि इस हुलिये के किसी व्यक्ति की जानकारी हो या कोई परिजन पहचान करता हो, तो तत्काल नंदिनी नगर थाना से संपर्क करें। फिलहाल, अज्ञात शव की पहचान और उसके वारिसों की तलाश जारी है।